News Follow Up
मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष  कमल नाथ  ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की लहर है, कांग्रेस को पूर्ण बहुमत का भरोसा

 प्रचार में दो दिन ही बाकी रह गए हैं। कांग्रेस के विधानसभा चुनाव की कमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के हाथों में हैं। छिंदवाड़ा से स्वयं चुनाव लड़ने के बावजूद वह पूरे प्रदेश में दौरे कर रहे हैं। प्रतिदिन दो से तीन सभाएं करते हैं। उनका दावा है कि 40 वर्षों से चुनाव लड़ रहा हूं और लड़वा रहा हूं। मुझे जनता के मूड की पहचान है। प्रदेश में बदलाव की लहर है और पूरा विश्वास है कि विधानसभा में इस बार कांग्रेस का झंडा लहराएगा। उन्होंने नईदुनिया के राज्य ब्यूरो प्रमुख धनंजय प्रताप सिंह और विशेष संवाददाता वैभव श्रीधर से विभिन्न विषयों पर चर्चा की। प्रस्तुत हैं

प्रश्न – चुनाव प्रचार समाप्ति की ओर है, अब क्या तस्वीर नजर आती है?

उत्तर- मध्य प्रदेश में बदलाव की लहर है। जनता भाजपा की इस भ्रष्टाचार और 50 प्रतिशत कमीशन की व्यवस्था को बदलना चाहती है। आप पिछले छह माह में प्रदेश का राजनीतिक परिदृश्य देखिए तो भाजपा के पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था से जुड़े 60 नेता अपने हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए हैं। जनता के मूड और वोल्टेज की मुझे पहचान है। पूरा विश्वास है कि मध्य प्रदेश की विधानसभा में इस बार कांग्रेस का झंडा लहराएगा।

प्रश्न – प्रचार अभियान में जिस तरह भाजपा का पूरा नेतृत्व उतर गया है, वैसा कांग्रेस में क्यों नहीं?

उत्तर- मध्य प्रदेश में कांग्रेस को जो जनसमर्थन मिल रहा है उससे भाजपा में बौखलाहट है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा में से कोई न कोई हर दिन मध्य प्रदेश में प्रचार में शामिल हो रहे हैं। पार्टी की प्रतिदिन तीन बड़ी सभाएं और नुक्कड़ सभाएं हो रही हैं। भाजपा ने 12 नेताओं के फोटो अपने होर्डिंग में लगाए हैं। अगर वह एकजुट होते तो एक चेहरा लगा देते, जिसके साथ सभी खड़े हो जाते। ये दिखाता है कि भाजपा में गुटबाजी है।

प्रश्न – भाजपा आरोप लगाती है कि कांग्रेस एकजुट होने का दावा करती है पर ऐसा नहीं है?

उत्तर- कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता से लेकर सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर पूरी ताकत से भाजपा के विरुद्ध लड़ रहें है। कांग्रेस की इस एकता से भाजपा परेशान है। दूसरी ओर आज भाजपा में आंतरिक लड़ाई चल रही है। यह सोचने वाली बात है कि भाजपा को शिवराज सिंह चौहान के चेहरे पर वोट मांगने में शर्म क्यों आ रही है? उनकी झूठी घोषणाएं और कलाकारी की राजनीति के कारण जनता और भाजपा का कार्यकर्ता भी परेशान है। मध्य प्रदेश की जनता समझदार है और वह प्रदेश के मुद्दों पर ही इस चुनाव का भविष्य तय करेगी। इस बार प्रदेश की जनता शिवराज सिंह जी को प्यार से विदा कर रही है।

प्रश्न- आपके और दिग्विजय सिंह के बीच मतभेद को लेकर कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जा रहा है। वास्तविकता क्या है?

उत्तर- भाजपा ही इस तरह की बातें फैलाती है। कांग्रेस पार्टी के सारे नेता और कार्यकर्ता एक साथ हैं। मेरे और दिग्विजय सिंह के बारे में किसी को बहुत परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। हमारे बीच हंसी-मजाक चलता रहता है। हम चालीस वर्ष से एक साथ हैं आगे भी रहेंगे।

प्रश्न- वचन पत्र में कांग्रेस ने कई वादे किए पर क्या ये जनता तक पहुंचे?

उत्तर- यह प्रश्न तो भाजपा से पूछा जाना चाहिए, जिसने चुनाव के चंद दिन पहले ही घोषणा पत्र प्रस्तुत किया है। मैं विजन पर भरोसा करता हूं। हमने वचन पत्र में किसान की कर्जमाफी के साथ गेहूं और धान का मूल्य बढ़ाकर देने, बिजली बिल माफ करने, महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, दो लाख पदों पर भर्ती, बेरोजगार युवाओं को प्रोत्साहन राशि, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन, ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण, जाति आधारित गणना, स्कूली बच्चों को डेढ़ हजार रुपये तक प्रतिमाह, 25 लाख रुपये का स्वास्थ्य देने सहित कई वचन दिए हैं, जिन पर सरकार बनते ही काम प्रारंभ हो जाएगा।

प्रश्न- भाजपा श्रीराम मंदिर को मुद्दा बनाकर कांग्रेस पर आरोप लगा रही है। क्या कहेंगे?

उत्तर- आस्था और संस्कृति के लिए काम करना हर नागरिक का कर्तव्य है। श्रीलंका में माता-सीता के मंदिर के निर्माण की प्रकिया तो हमने शुरू कर दी थी। शिवराज सरकार ने इसे बंद कर दिया। हम सरकार में आते ही फिर से श्रीलंका में माता सीता का मंदिर बनाने का काम शुरू करेंगे। 
मैं हिंदुत्व, साफ्ट हिंदुत्व या सुपर हिंदुत्व, जैसी किसी शब्दावली पर कोई टिप्पणी नहीं करता। धर्म हमारे लिए प्रचार नहीं, आचार और विचार का विषय है। मैंने 15 साल पहले छिंदवाड़ा में 101 फीट ऊंची हनुमान जी की मूर्ति बनवाई तो यह मेरी आस्था है।

Related posts

1 सितंबर से कक्षा 1 से 5वीं तक के स्कूल भी खुलेंगे

NewsFollowUp Team

स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक में हो सकता है कोई बड़ा निर्णय, मंत्री तुलसी सिलावट बोले- डॉक्टर के सम्मान की जिम्मेदारी मेरी..

NewsFollowUp Team

सरकार ने जारी किया आदेश MP में अब 31 अगस्त तक हो सकेंगे तबादले बाढ़ के कारण लगाई गई थी रोक,

NewsFollowUp Team