News Follow Up
मध्यप्रदेशराजनीति

महिला कांग्रेस अध्यक्ष अब अपने चहेतों की नियुक्ति में जुटेंगी

भोपाल । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री ने कुछ दिन पूर्व ही प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अर्चना जायसवाल को नियुक्त किया है। प्रदेश को नया महिला अध्यक्ष मिलते ही अब महिला शहर कांग्रेस में भी बदलाव की सुगबुगाहट सुनाई दे रही है। नवनियुक्त अध्यक्ष जल्द ही शहर में संगठन को मजबूत बनाने के लिए एक नए चेहरे या फिर पूर्व महिला अध्यक्ष को शहर की बागडोर सौंप सकती हैं। अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान में शहर की कई कांग्रेस नेत्रियों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा प्रदेश में होने वाले आगामी उपचुनावों और 2023-24 के चुनावों में संगठन में कसावट लाने और प्रदेशभर में महिला ब्रिगेड को मजबूत बनाने के लिए प्रदेश में महिलाओं के नेतृत्व की बागडोर अर्चना जायसवाल को सौंपते हुए उन्हें संगठन को मजबूत बनाने के लिए महिला कांग्रेस में काम करने वाली नेत्रियों को पद पर आसिन करने और निष्क्रिय लोगों को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए फ्रीहैंड भी दिया गया है।
भोपाल-इंदौर में बदलाव की तैयारी
सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल संगठन में मजबूती लाने के लिए बदलाव के अभियान की शुरुआत भोपाल और इंदौर से ही करने जा रही हैं। वह शहर महिला अध्यक्ष पद की कमान शीघ्र ही नए चेहरे या पूर्व महिला अध्यक्ष को सौंप सकती हैं। भोपाल जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना रहेंगी या नहीं इसका फैसला कुछ दिन में हो जाएगा। वहीं सूत्रों की मानें तो इंदौर में शोभा ओझा समर्थक शशि यादव का पदमुक्त होना लगभग तय माना जा रहा है। शहर अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा लगाकर पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान करने वाली 4 महिला नेत्रियों के नाम सबसे आगे चल रहे हैं, जिनमें एक अर्चना जायसवाल की कट्टर समर्थक बताई जा रही हैं। अध्यक्ष पद की दौड़ में जिन कांग्रेस नेत्रियों के नाम चल रहे हैं उनमें सबसे ऊपर वर्तमान में कार्यकारी अध्यक्ष पद पर आसिन रिता डागरे हैं। इसके साथ ही साधना भंडारी, शशि हाड़ा और पूर्व महिला अध्यक्ष शर्मिला धौलपुरे मुख्य रूप से शामिल हैं। शर्मिला धौलपुरे को दौड़ में सबसे ऊपर देखा जा रहा है, क्योंकि पूर्व में जब अर्चना जायसवाल ने प्रदेश की कमान संभाली थी तो उन्होंने ही शर्मिला धौलपुरे को शहर में महिलाओं का नेतृत्व सौंपा था। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश महिला अध्यक्ष शीघ्र ही बदलाव की बयार शहर से शुरू कर सकती हैं, मगर अब देखना यह है कि इन चारों महिला नेत्रियों में से किसके सिर पर ताज सजता है।

Related posts

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने छतरपुर सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त

NewsFollowUp Team

छिंदवाड़ा में घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर पेट्रोल छिड़कर आग लगाई, अस्पताल में 8 दिन बाद महिला की मौत

NewsFollowUp Team

आज बैतूल में जन सभा को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आदिवासी समुदाय को साधने के लिए

NewsFollowUp Team