News Follow Up
मध्यप्रदेश

जबलपुर में लोडिंग वाहन पलटा, धान का रोपा लगाने डिंडौरी से आए 15 मजदूर घायल, एक महिला की मौत

जबलपुर में एक बार फिर लापरवाही ने एक महिला मजदूर की जान ले ली। लोडिंग वाहन में डिंडोरी से 16 मजदूरों को धान में रोपा लगाने पनागर आ रहे थे। बुधवार 21 जुलाई की सुबह छह बजे रोड पर अचानक ट्रैक्टर के आ जाने से ड्राइवर ने ब्रेक लगाई और वाहन पलट गया। हादसे में एक महिला मजदूर की जहां मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 15 मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद सभी घायलों को विक्टोरिया जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

पनागर पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब छह बजे उमरिया चौबे स्कूल के पास पनागर में ये हादसा हुआ। सभी मजदूर डिंडोरी जिले के ग्राम टिकरा बांधा के रहने वाले हैं। हादसे में विष्णु सिंह की पत्नी उषा सिंह (20) की मौत हुई है। वहीं 15 घायलों में भी कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मजदूर लोडिंग वाहन एमपी 20 जीबी 3067 में सवार थे।

पनागर के बह्मनौदी गांव जा रहे थे रोपा लगाने

सभी पनागर के बह्मनौदी गांव में एक किसान के खेत में धान का रोपा लगाने के लिए जा रहे थे। बह्मनौदी गांव के लिए चालक ने हाईवे से बरौदा चौक वाला रास्ता पकड़ा। चौबे उमरिया से बड़ौदा चौक के बीच उमरिया चौबे के सरकारी स्कूल के पास लोडिंग वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन पलटते ही चीख पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से विक्टोरिया अस्पताल पहुंचाया। महिला मजदूर ऊषा सिंह को मृत हालत में लाया गया था।

सामने ट्रैक्टर आने पर अचानक ब्रेक लगाने से पलटा वाहन

पनागर थाना प्रभारी आरके सोनी के मुताबिक लोडिंग वाहन के ड्राइवर से पूछताछ में पता चला है कि सामने से अचानक ट्रैक्टर आ गया था। टक्कर से बचने के लिए ड्राइवर ने ब्रेक लगाया। सड़क पर मिट्‌टी बिखरी थी, जो बारिश के चलते फिसलन वाली हो गई थी। इसके चलते लोडिंग वाहन पलट गया।

महिला की मौत, कई घायल

हादसे में टिकरा बांधा जिला डिंडोरी निवासी प्रीतम मरावी, पार्वती, महिमा परस्ते, गायत्री बरकड़े, रामबाई बरकड़े, असवंती बरकड़े, भगवंती सिंह, राहुल बरकडे, फूलबाई बरकड़े, संदीप मरावी, संतोष मसराम, रेखा धुर्वे सहित कुल 15 मजदूर घायल हुए हैं। वहीं उषा सिंह पति विष्णु सिंह की मौत हो गई। पनागर पुलिस ने वाहन ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

Related posts

अमित शाह के जबलपुर दौरे के क्या हैं मायने

NewsFollowUp Team

MP में कोरोना संक्रमण का आपातकाल,बड़े शहरों में त्योहारों पर लग सकता है लॉकडाउन

NewsFollowUp Team

आयोग के माननीय अध्यक्ष न्यायमूर्ति जैन द्वारा पर्यावास भवन परिसर में ध्वजारोहण सम्पन्न

NewsFollowUp Team