News Follow Up
मध्यप्रदेश

जबलपुर में तालाब किनारे मिली 7 दिन की बच्ची, शरीर पर लिपटी चीटियों के काटने से लगातार रो रही थी बच्ची

जबलपुर तालाब किनारे नवजात बच्ची को देख लोगों का कलेजा फट गया। मासूम लगातार रोए जा रही थी। तालाब किनारे गंदगी के बीच कोई छोड़ गया था। सुबह आठ बजे वहीं पास के रहने वाले देवेंद्र जायसवाल टहलने पहुंचे तो बच्ची के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचे तो वह भी सन्न रह गए। उसके शरीर पर लाल चीटियां रेंग रही थी। चीटियाें के काटने से वह लगातार रो रही थी। मासूम को गोद में उठाया और डायल-100 को सूचना दी। उसे एल्गिन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची का नाड़ा कटा है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले जन्मी होगी।

अधारताल तालाब किनारे सात दिन पहले जन्मी बच्ची मिलने की खबर पाकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। जय हो अधारताल विकास समिति के सदस्य भी पहुंच गए। मासूम को एक कपड़े पर कोई लिटा गया था। तालाब के पास ही कुआं भी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मासूम को रात के अंधेरे या तड़के कोई वहां छोड़ गया होगा। गनीमत ये था कि वहां कोई कुत्ता नहीं पहुंचा। तालाब किनारे बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते मंडराते रहते हैं। मासूम उनका शिकार बनने से बच गई।

मासूम के आंसूओं से दिल पसीज गया

मासूम बच्ची को सबसे पहले देखने वाले देवेंद्र जायसवाल के मुताबिक वह रोज तालाब किनारे सुबह टहलने आते हैं। लेकिन कभी नहीं सोचा था कि एक दिन कुछ ऐसा होगा। शायद उनके हाथ से यश लिखा था। वह टहल रहे थे, तभी कानों में मासूम बच्ची के रोने की तेज आवाज आई। पहले लगा कि कोई महिला अपनी बेटी के साथ होगी।
पर जैसे-जैसे विसर्जन घाट की ओर पैर बढ़ते गए, उसके रोने की आवाज तेज होती गई। घाट के नीचे तालाब की गंदगी के बीच कोई मासूम को छोड़ गया था। मासूम के शरीर पर लाल चीटियां रेंग रही थी। उसी के काटने से मासूम रो रही थी। कोई मासूम को आसपास बिखरे झंडे और चुनरी से ढक कर वहां छोड़ गया था। मासूम को एल्गिन के चाइल्ड वार्ड में भर्ती किया गया है।

डायल-100 पर दी गई सूचना

मासूम बच्ची को सबसे पहले देखने वाले देवेंद्र जायसवाल की सूचना पर समिति के संजय पाटकर, पूर्व पार्षद प्रदीप यादव, मोनू केवट, आतिश केवट, हैप्पी केवट, शिवम चौरसिया, सोनू केवट पहुंच गए। तुरंत डायल-100 पर सूचना दी गई। डायल-100 से अवनीश सिंह, एसआई बैरागी मौके पर पहुंचे। मासूम बच्ची को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। जब कोई इसके बारे में जानकारी नहीं दे पाया तो उसे एल्गिन अस्पताल लेकर पहुंचे। समिति के सदस्य भी एल्गिन तक गए।
 

स्वस्थ है मासूम, चाइल्ड लाइन को दी गई सूचना

एल्गिन अस्पताल में मासूम को भर्ती कर लिया गया है। उसके शरीर की मिट्‌टी साफ कर दिया गया है। एल्गिन के चिकित्सकों के मुताबिक मासूम स्वस्थ है। डॉक्टर रश्मि भटनागर के मुताबिक बच्ची को एसएनसीयू में रखा गया है। उसकी हालत सामान्य है। भूख से व्याकुल थी। चाइल्ड लाइन को इसकी सूचना दे दी गई है। इलाज के बाद उसे मातृ छाया में रखा जाएगा।

मासूम बच्ची के जन्मदात्री का पता लगाने में जुटी पुलिस

मासूम के जन्मदात्री का पता नहीं लग पाया है। पर अनुमान है कि कोई आसपास का ही रहने वाला होगा। कोई बाहर से आकर तालाब किनारे मासूम को नहीं छोड़ सकता है। इस क्षेत्र से भली भांति वाकिफ होगा। पुलिस आसपास के अस्पताल, नर्स, और प्रशिक्षित दाई से मासूम के बारे में जानकारी जुटा रही है। मासूम का नाड़ा काटा गया है। यह किसी प्रशिक्षित हाथों से ही संभव है।

Related posts

कोरोना गाईड लाईन का उल्लंघन करने पर नगर निगम की सख्त कार्यवाही

NewsFollowUp Team

राज्यपाल के अभिभाषण में राज्य सरकार के कल्याणकारी कार्य रेखांकित- मुख्यमंत्री श्री चौहान

NewsFollowUp Team

महिलाएँ सशक्त बनेंगी तो समाज भी सशक्त होगा – मुख्यमंत्री श्री चौहान

NewsFollowUp Team