दंतेवाड़ा. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-नारायणपुर के बीच गुरुवार सुबह नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर एक बोलेरो को उड़ा दिया। इससे बोलेरो में सवार MP के एक युवक की मौत हो गई। जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर है। सूचना मिलने पर दंतेवाड़ा SP डॉ. अभिषेक पल्लव सहित जवान मौके पर पहुंच गए हैं। घायलों को एंबुलेंस से दंतेवाड़ा के गीदम स्थित अस्पताल लाया गया है। खास बात यह है कि नक्सलियों ने कमांड IED यानी रिमोट दबाकर ब्लास्ट किया है। आमतौर पर नक्सली कमांड IED का इस्तेमाल बड़े हमले के दौरान करते हैं।
जानकारी के मुताबिक नारायणपुर से कुछ लोग एक बोलेरो में दंतेवाड़ा आ रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे वह मालेवाही इलाके के घोटिया पहुंचे थे कि इसी दौरान IED ब्लास्ट किया गया। घोटिया में सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। इसी के नीचे नक्सलियों ने IED प्लांट किया था। बताया जा रहा है कि बोलेरो का अगला पहिया जैसे ही IED पर पड़ा, नक्सलियों ने ब्लास्ट कर दिया। इसके चलते बोलेरो बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।